PM Modi ने 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की शाम देश से दीपावली मनाने का आग्रह किया

PM Modi ने 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की शाम देश से दीपावली मनाने का आग्रह किया

PM Modi ने 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर देश में दीपावली मनाने और राम ज्योति प्रज्ज्वलित करने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर पूरा देश आलोकित होना चाहिये।

कल अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अयोध्या भविष्य में पूरे उत्तर प्रदेश के विकास का मार्गदर्शक बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार अयोध्या के विकास पर ध्यान दे रही है, क्योंकि आने वाले दिनों में लाखों लोग यहाँ आयेंगे।

धार्मिक स्थलों को विकसित करने के मौजूदा सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत परंपरा और आधुनिकता को साथ लेकर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकास और संस्कृति का यह संयोग देश को 21वीं सदी में आगे ले जायेगा।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पुनः निर्मित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया तथा छह वंदे भारत और दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को झण्डी दिखाकर रवाना किया।

श्री मोदी ने कहा कि नमो भारत, अमृत भारत और वंदे भारत रेलगाड़ियों की त्रिशक्ति, देश में रेलवे के समूचे परिदृश्य में परिवर्तन लाएगी।

अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन को 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है और यहां से हर रोज लगभग एक लाख यात्रियों की आवाजाही हो सकेगी। यह तीन मंजिला रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

प्रधानमंत्री ने अमृत भारत एक्सप्रेस नाम से नई श्रेणी की सुपर फास्ट यात्री रेलगाड़ी को भी रवाना किया। ये रेलगाड़ियां दरभंगा और अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल के बीच तथा मालदा टाउन और बेंगलुरु के सर विश्वेश्वरैया टर्मिनस के बीच चलेंगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस में सामान के लिए बेहतर रैक, मोबाईल होल्डर, एलईडी लाइट्स, सीसीटीवी, सार्वजनिक सूचना प्रणाली और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रधानमंत्री ने आज छह नई वंदे भारत ट्रेनों को भी रवाना किया। इनमें श्री माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली, अमृतसर से दिल्ली, कोयंबटूर से बेंगलुरु कैंट, मैंगलोर से मडगांव, जालना से मुंबई और अयोध्या से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस रेलागाड़ियां शामिल हैं।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *