UP Weather: यूपी में फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश

UP Weather: यूपी में फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश

UP Weather: उत्तर प्रदेश में रविवार से मौसम का मिजाज फिर बिगड़ा है। कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र ने पूर्वी, पश्चिमी और बुन्देलखंड अंचलों के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई थी।

कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में सोमवार से मंगलवार के बीच भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।

रविवार से सोमवार के बीच आगरा, मथुरा, मेरठ, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में ओले पड़ने की ऑरेंज वार्निंग जारी की गयी है। वहीं लखनऊ, सीतापुर, वाराणसी और आसपास के इलाकों में वज्रपात की आशंका है।

अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश पर पड़ने लगा है। इसी क्रम में पछुआ का क्रम टूटा और हवा पुरवा चलने लगी। लखनऊ में पछुआ हवा ने रात का पारा गिराया। बीती रात न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बीते दिनों के मुकाबले दो डिग्री कम रहा।

शाम को बादलों की आवाजाही रही। पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार तक जारी रहेगा। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलेंगी। कई जगहों पर ओले गिरने के आसार हैं।

पूर्वी यूपी में बदला मौसम का मिजाज
पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। शनिवार को बादल और सूरज के बीच में दिनभर आंख मिचौली चली। उधर, रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया।

मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में बादलों की मौजूदगी व बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया था। शनिवार को बादल आए जरूर लेकिन घनत्व कम रहा। बादलों की मौजूदगी में भी सूरज की तपिश कायम रही। अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार के मुकाबले रात के तापमान में इजाफा हुआ।

शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को यह 9 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को हवा में अधिकतम नमी 86 फीसदी तक रही। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।

आज से बारिश ओलावृष्टि की संभावना

आगरा समेत ब्रज में रविवार से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी से ब्रज में ठंडी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूर्वी, पश्चिमी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है।

बारिश और वज्रपात की आशंका

रविवार से सोमवार के बीच ब्रज मंडल के आगरा, मथुरा समेत अमरोहा, इटावा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में ओले पड़ने की ऑरेंज वार्निंग जारी की गयी है। आगरा, अलीगढ़ में बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *