Election Updates: राजनीतिक विरासत का केन्द्र रहा है नांदेड़, 11 बार जीती कांग्रेस

Election Updates: राजनीतिक विरासत का केन्द्र रहा है नांदेड़, 11 बार जीती कांग्रेस

Election Updates: नांदेड़ संसदीय क्षेत्र राजनीतिक विरासत का केन्द्र रहा है। पूर्व गृह मंत्री स्वर्गीय शंकरराव चव्हाण और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण जैसे उल्लेखनीय व्यक्तित्वों ने यहां के राजनीतिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नांदेड़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में छह विधानसभा क्षेत्र – भोकर, नांदेड़ उत्तर, नांदेड़ दक्षिण, नायगांव, डेगलूर और मुखेड़ शामिल हैं। विशेष रूप से हदगांव और किनवट विधानसभा क्षेत्रों को यवतमाल और लातूर लोकसभा क्षेत्रों में मिला दिया गया है। इस क्षेत्र में कुल 18 लाख 51 हजार 843 मतदाता हैं। इनमें से 9 लाख 55 हजार 76 पुरुष और 8 लाख 96 हजार 617 महिला मतदाता हैं।

पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 39 हजार 34 है और 142 मतदाता किन्‍नर समुदाय से हैं। संसदीय चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। नांदेड़ संसदीय क्षेत्र में कुल दो हजार 62 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से बारह मतदान केन्द्रों का संचालन महिला कर्मचारी और सात मतदान केन्द्रों का संचालन दिव्यांग कर्मचारी करेंगे। 39 मतदान केंद्रों को संवेदनशील मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है।

2019 के लोकसभा चुनावों में 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और वंचित बहुजन अघाड़ी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। भारतीय जनता पार्टी और उसके उम्‍मीदवार प्रताप पाटिल चिखलीकर विजयी रहे, उन्होंने कांग्रेस के अशोक चव्हाण को 40 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया। हाल ही में अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने से राजनीतिक परिदृश्य में नई गति आ गई है।

कांग्रेस ने पूर्व विधायक वसंतराव चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है जबकि वंचित बहुजन अघाड़ी ने छात्र आंदोलन के युवा उम्मीदवार अविनाश भोसिकर को चुनाव मैदान में उतारा है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने प्रताप पाटिल चिखलीकर को फिर से उम्‍मीदवार बनाया है।

1957 से अब तक नांदेड़ संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस ने 11 बार जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी, जनता दल और निर्दलीय ने एक-एक बार जीत हासिल की है। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां का मतदान प्रतिशत 65 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया था। नांदेड़ संसदीय क्षेत्र में इस महीने की 26 तारीख को मतदान होना है।

Rajeev Sharma Avatar

Rajeev Sharma

Chief Editor & CEO PhD, LLB

more then 30 yrs experience of Print and Electronic media. Hold the key positions in various popular media organizations as Bureau chief, Special Correspondent-investigative stories, News Editor.

Areas of Expertise: Reporting and Analysis on Contemporary, Political, Social, and Geopolitical Issues
Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *