तिहाड़ की सुरक्षा में फिर लगी सेंध, कैदी ने बनवा लिया कोर्ट का फर्जी ऑर्डर

तिहाड़ की सुरक्षा में फिर लगी सेंध, कैदी ने बनवा लिया कोर्ट का फर्जी ऑर्डर

देश की सबसे सुरक्षित कही जाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल की सुरक्षा एक बार फिर सवालों में है। जेल में बंद गैंगस्टर नीरज उर्फ कुप्पा जेल में स्पोर्ट्स शूज पहनकर गया। उसके पास स्पोर्ट्स शूज कहां से आए? जब इस बारे में उससे पूछा गया तो उसने साकेत कोर्ट का ऑर्डर दिखा दिया। जब उस ऑर्डर की जांच की गई तो पता चला कि ऑर्डर और उस पर किए गए मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के साइन सब फर्जी हैं। पुलिस ने कैदी नीरज उर्फ कुप्पा के खिलाफ साकेत थाने में केस दर्ज कराया है।

दिल्ली के साकेत थाने में दर्ज शिकायत के अनुसारअंडरट्रायल नीरज उर्फ कुप्पा तिहाड़ की हाई रिस्क जेल में बंद है। उसे 9 अगस्त को साकेत कोर्ट में पेश किया गया था। साकेत कोर्ट के लॉकअप में जब उसकी तलाशी ली गई तो उस दौरान नीरज ने फीते वाले स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे। तिहाड़ जेल की रूल बुक के मुताबिक, किसी भी कैदी को स्पोर्ट्स शूज पहनने की अनुमति नहीं होती है।

जब इस अंडर ट्रायल कैदी से स्पोर्ट्स शूज के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि उसने शूज के लिए कोर्ट की अनुमति ले रखी है। कैदी नीरज ने साकेत कोर्ट के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट का ऑर्डर दिखा दिया। इस ऑर्डर पर कोर्ट की सील भी लगी थी। शुरूआती जांच में पुलिस को कोर्ट के इस ऑर्डर पर संदेह हुआ। कोर्ट में ऑर्डर के बारे में पता किया गया तो वह फर्जी निकला।

अब सवाल है कि कैदी के पास स्पोर्ट्स शूज कौन लेकर आया और कोर्ट के फर्जी ऑर्डर की कॉपी किसने कैदी को दी? क्या इसमें पुलिस या फिर जेल प्रशासन मिला हुआ है? क्या किसी ने जेल वैन या फिर कोर्ट परिसर में स्पोर्ट्स शूज पहना दिया, इन बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

अंडरट्रायल कैदी नीरज उर्फ कुप्पा पर दिल्ली में कई केस दर्ज हैं। वह दिल्ली के संगम विहार का रहने वाला है। उस पर लूट के दौरान बच्चों के साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के भी आरोप हैं। इस मामले में नेब सराय थाने में साल 2016 में केस दर्ज हुआ था।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *