Sadhwi Prachi ने गाजियाबाद के सूर्या हत्याकाण्ड पर दी तीखी प्रतिक्रिया, देखें क्या बोलीं

Sadhwi Prachi ने गाजियाबाद के सूर्या हत्याकाण्ड पर दी तीखी प्रतिक्रिया, देखें क्या बोलीं

Sadhwi Prachi विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने बरेली के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हिंदू समाज से सतर्क रहने की अपील करते हुए कई विवादित बयान दिए। साथ ही अपराध, मदरसे, एनकाउंटर, विपक्ष और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखी।

अनजान लोगों पर न करें भरोसा

साध्वी प्राची ने कहा कि गाजियाबाद में सूर्या चौहान की हत्या से वह बेहद आहत हैं। उन्होंने हिंदू समाज से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा अनजान लोगों पर आंख बंद कर भरोसा न करें। इस दौरान उन्होंने एक समुदाय विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की, जिससे नया विवाद खड़ा हो सकता है।

खोड़ा को बना दिया मिनी पाकिस्तान

खोड़ा क्षेत्र का जिक्र करते हुए साध्वी प्राची ने दावा किया कि वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती हैं और अवैध मदरसे व मस्जिदें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि सूर्या हत्याकांड के बाद कई लोग क्षेत्र छोड़कर चले गए, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सूर्या हत्याकांड के सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साध्वी प्राची ने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए और पूरे नेटवर्क की जांच होनी चाहिए।

आईआईटीयन की गिरफ्तारी का समर्थन

मथुरा में युवतियों के कथित शोषण के आरोप में गिरफ्तार किए गए आईआईटीयन बाबा अभिषेक मिश्रा के मामले में साध्वी प्राची ने कहा कि ऐसे लोगों की जगह जेल में है। उन्होंने कहा कि धर्म और अध्यात्म की आड़ में गलत काम करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पेट्रोल-डीजल और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के सवाल पर साध्वी प्राची ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों का असर हर देश पर पड़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है।

हिंदुओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह

साध्वी प्राची ने कहा कि लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आत्मरक्षा को महत्व देने की अपील की और कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता समय की आवश्यकता है। वहीं उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में हुए एनकाउंटरों पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब में साध्वी प्राची ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी और विपक्षी नेताओं पर अपराधियों के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया।

अपराध बढ़ने पर सिस्टम में घुसपैठ का लगाया आरोप

प्रदेश में बढ़ते अपराध के सवाल पर साध्वी प्राची ने कहा कि व्यवस्था के भीतर मौजूद कुछ तत्व अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की। साध्वी प्राची ने विपक्ष पर लगातार साजिशें रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और राष्ट्रहित के मुद्दों पर सही निर्णय ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *