White House Shooting: हमलावर के निशाने पर थे ट्रंप, सीक्रेट सर्विस ने पहले ही मार गिराया, राहगीर गंभीर जख्मी

White House Shooting: हमलावर के निशाने पर थे ट्रंप, सीक्रेट सर्विस ने पहले ही मार गिराया, राहगीर गंभीर जख्मी

White House Shooting व्हाइट हाउस पर एकबार फिर हमला हुआ है। व्हाइट हाउस का साउथ लॉन भारतीय समय के अनुसार रविवार सुबह लगभग 5 बजे (वाशिंगटन के अनुसार शनिवार की शाम लगभग 6 बजे) एक बार फिर भयंकर गोलीबारी की आवाज से दहल उठा है। यह घटना उस समय हुई जब ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे। गोलीबारी के घटना के कुछ क्षण पहले ही वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस और कुछ अन्य वीआईपी वहां से गुजरे थे। व्हाइट हाउस में तैनात सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने हमलावर को मार गिराया है। गोलीबारी की चपेट में एक राहगीर भी आ गया जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हमलावर का नाम नासिर बेस्ट बताया गया है। नासिर व्हाइट हाउस पर पहले भी दो बार हमले की कोशिश कर चुका है।

शाम 6 बजे का वो खौफनाक मंजर

 वाशिंगटन के समय के मुताबिक शाम के करीब 6 बज रहे थे। एक अज्ञात शख्स व्हाइट हाउस परिसर के ठीक बाहर बनी सुरक्षा चौकी की तरफ बढ़ा और अचानक उसने अधिकारियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता ने बताया कि हमला होते ही सुरक्षाकर्मी तुरंत एक्शन में आ गए। अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और हमलावर पर गोलियां चलाईं। गोली लगने से घायल हमलावर को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस मुठभेड़ के दौरान दुर्भाग्य से पास खड़ा एक राहगीर भी गोलीबारी की चपेट में आ गया। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार,  राहगीर की हालत नाजुक बनी हुई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उसे हमलावर की शुरुआती गोली लगी थी या फिर दोनों तरफ से हुई क्रॉस-फायरिंग के दौरान वह घायल हुआ। इस पूरे घटनाक्रम में सीक्रेट सर्विस का कोई भी जवान घायल नहीं हुआ।

राष्ट्रपति सुरक्षित, प्रेस रूम में मचा हड़कंप

जब यह वारदात हुई, तब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने व्हाइट हाउस  में ही मौजूद थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति को इस घटना की पूरी जानकारी दे दी है।

हमले के वक्त व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन में मौजूद पत्रकारों को सुरक्षाबलों ने तुरंत ब्रीफिंग रूम के अंदर जाने को कहा। सीक्रेट सर्विस के एजेंट चिल्ला रहे थे- नीचे झुक जाओ, गोलियां चल रही हैं! इसके बाद करीब 40 मिनट के लिए पूरे प्रेस एरिया को लॉकडाउन कर दिया गया। उस वक्त ब्रीफिंग रूम में करीब दो दर्जन पत्रकार, फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर मौजूद थे, जो अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए थे। लगभग एक घण्टे के बाद लॉक डाउन के आदेश वापस ले लिए गए।

कौन था हमलावर नसीर बेस्ट?

वाशिंगटन सुरक्षा सूत्रों के अनुसार हमलावर 21 वर्षीय नसीर बेस्ट  दो बार पहले भी व्हाइट की सुरक्षा तोड़कर हमले की कोशिश कर चुका है

जून 2025 की घटना में उसने व्हाइट हाउस के एंट्री लेन को ब्लॉक कर दिया था। उस वक्त उसने खुद को “भगवान” (God) बताया था, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने उसे हिरासत में लेकर मानसिक जांच के लिए ‘साइकियाट्रिक इंस्टीट्यूट ऑफ वाशिंगटन’ भेज दिया था। अगले ही महीने वह फिर से व्हाइट हाउस के ड्राइववे में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। तब अदालत ने उसे सख्त आदेश दिया था कि वह व्हाइट हाउस के आसपास भी नजर न आए।

जांचकर्ताओं को नसीर के सोशल मीडिया अकाउंट्स से कई चौंकाने वाले पोस्ट भी मिले थे। उसने खुद को “असली ओसामा बिन लादेन” बताया था और एक पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप को मारने की इच्छा वाली पोस्ट शेयर किया है।

वीआईपी मूवमेंट के ठीक बाद हुआ हमला

यह घटना इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि गोलीबारी से ठीक कुछ समय पहले ही व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स, ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को व्हाइट हाउस से निकलते हुए देखा गया था।

इस घटना के बाद एफबीआई (FBI) के डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी कि एफबीआई की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच में सीक्रेट सर्विस की पूरी मदद कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *