Election Updates: यूपी में चुनाव प्रचार धुआंधार, मतदाताओं को रिझाते दलों के नेता

Election Updates: यूपी में चुनाव प्रचार धुआंधार, मतदाताओं को रिझाते दलों के नेता
Election Updates: उत्तर प्रदेश में सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने आज मतदाताओं को रिझाने के लिए चुनाव प्रचार किया।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज चार रैलियां और एक रोड शो किया। महाराजगंज में पहली रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि भाजपा को पांच चरणों के मतदान में 300 से अधिक सीटें मिलेंगी और छठे और सातवें चरण में पार्टी 400 सीटों का आंकड़ा पार कर जाएगी।

देवरिया में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि आज कोई भी आतंकवादी देश में कुछ करने की हिम्मत नहीं कर रहा, क्योंकि आतंकवादी जानते हैं कि केंद्र में मोदी सरकार है। श्री शाह ने बलिया और सोनभद्र में भी रैलियों को संबोधित किया तथा शाम को उन्‍होंने ग़ाज़ीपुर में रोड शो किया।

इसके अलावा, भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आज कुशीनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि केवल भाजपा ही देश की सीमाओं को सुरक्षित रख सकती है। श्री योगी ने देवरिया और गोरखपुर में भी चुनाव प्रचार किया।

राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी कुशीनगर में चुनाव प्रचार किया। वे अपनी नवगठित पार्टी के चुनाव चिन्ह पर इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी प्रमुख, अखिलेश यादव ने दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस सीट पर अंतिम चरण में उपचुनाव होंगे। उन्होंने रॉबर्ट्सगंज और मिर्जापुर लोकसभा क्षेत्रों में भी रैलियों को संबोधित किया। श्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने देश के युवाओं को बेवकूफ बनाया है और केंद्र में आई.एन.डी.आई गठबंधन की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना निरस्त कर दी जाएगी।

अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने भी आज कुशीनगर में रोड शो किया।

Rajeev Sharma Avatar

Rajeev Sharma

Chief Editor & CEO PhD, LLB
Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *